
सत्य | सरल | निष्पक्ष
लखनऊ। गरीबों के लिए जीरो बैलेंस पर खोले गए यूपी के जनधन बैंक खातों में तेजी से बढ़ रही रकम
देश भर के कुल जनधन खातों में से 18 फीसदी सिर्फ यूपी में हैं। सबसे ज्यादा रकम पूर्वी यूपी के जिलों में जमा है। पिछड़ा जिला गोंडा जनधन खातों में जमा रकम मामले में यूपी में टॉप पर।
गोंडा के जनधन खातों में जमा है 2809 करोड़ रुपए। दूसरे नंबर पर प्रयागराज है जहां जनधन खातों में 1928 करोड़ रुपए जमा हैं। तीसरे नंबर पर जौनपुर है जहां जनधन खातों में 1505 करोड़ रुपए जमा हैं। चौथे नंबर पर प्रतापगढ़ है जहां जनधन खातों में 1373 करोड़ रुपए जमा हैं। पांचवें नंबर पर वाराणसी है जहां जनधन खातों में 1272 करोड़ रुपए जमा हैं । कानपुर, लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद जैसे बड़े जिले टॉप 10 में भी नहीं हैं।
यूपी के 9 करोड़ 57 लाख जन धन खातों में 50 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक रकम जमा है।
हालांकि इनमें से 2 करोड़ 33 लाख बैंक खाते निष्क्रिय हैं और 76 लाख खातों में एक भी पैसा नहीं है। प्रदेश में 12 जिले ऐसे हैं जहां जनधन खातों में जमा रकम 1000 करोड रुपए से अधिक है।
इनमें अयोध्या ,आजमगढ़ ,बरेली,फतेहपुर,गाजीपुर,गोंडा , हरदोई,जालौन,प्रतापगढ़ प्रयागराज ,सुल्तानपुर और वाराणसी जिले शामिल हैं।जनधन खातों में जमा रकम के मामले में सबसे तेज छलांग अयोध्या ने लगाई। अयोध्या के जनधन खातों में 1091 करोड़ रुपए जमा हैं।
तीन साल पहले अयोध्या के जनधन खातों में 700 करोड़ रुपए ही थे। माना जा रहा है कि राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या के गरीब तबके के पास पैसे की आमद बढ़ी है। यूपी के प्रति जनधन खाते में जमा औसत रकम है 5538 रुपए। जबकि देश में प्रति जनधन खाता में जमा रकम है 4470 रुपए।