
यूपी एसटीएफ ने मेरठ में एक लाख के इनामी बदमाश को जीतू उर्फ जितेंद्र को एनकाउंटर में मार गिराया। बुधवार सुबह मुंडाली इलाके में एसटीएफ ने उसे घेर लिया था। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई।
एसटीएफ की गोली जितेंद्र के लग गई। वह वहीं गिर गया। जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए। एसटीएफ घायल जीतू को नजदीकी अस्पताल ले गई। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जितेंद्र हरियाणा के झज्झर जिले के आसौंदा सिवान थाने का रहने वाला था। गाजियाबाद में 2023 में हुई एक हत्या के मामले में वह वांटेंड था। गाजियाबाद पुलिस ने उस पर एक लाख का इनाम घोषित कर रखा था।
जितेंद्र ने 2016 में झज्झर में डबल मर्डर किया था। इस मामले में उसे उम्रकैद की सजा हुई थी। इस मुकदमे में 2023 में वह पैरोल पर बाहर आया था। हालांकि, दोबारा उसने सरेंडर नहीं किया।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि हरियाणा की जेल में रहने के दौरान वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग के संपर्क में आ गया था। इसके बाद वह विश्नोई गैंग के लिए काम करने लगा था।