भाजपा के कुशासन के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा का घेराव करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश (पूर्वी) युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह द्वारा लगाए गए पोस्टर से मिली है। लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय के बाहर विधानसभा घेराव से संबंधित पोस्टर्स लगाए गए हैं।
कांग्रेस की ओर से लगाए गए पोस्टर में प्रमुख रूप से लिखा गया है, “जनता मांगे जवाब! कब दोगे हिसाब?” और “18 दिसंबर लखनऊ चलो”। कांग्रेस के इस अभियान को योगी सरकार के खिलाफ विरोध का एक बड़ा कदम माना जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सरकार ने पिछले कुछ साल में प्रदेश कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगाड़ दिया है, जनता को समय पर मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही है। कांग्रेस का मानना है कि योगी सरकार के कुप्रबंधन से प्रदेश की जनता परेशान है और अब समय आ गया है कि सरकार से इसका जवाब लिया जाए।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सीएम योगी को चैलेंज देते हुए कहा है कि अगर हमारे कार्यकर्ताओं को कहीं भी प्रताड़ित किया गया तो हम सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। हमें ईडी और सीबीआई से डर नहीं लगता है।
प्रशासन रोके तो यह करना होगा
अजय राय के मुताबिक यदि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को प्रशासन की तरफ से परेशान किया जाता है तो मौके पर ही घेराव कर दीजिए। वहीं पर प्रदर्शन कीजिए। जहां पर रोका जा रहा है, वहीं पर सड़क पर बैठ जाइए।